चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर लौदा के पास गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है।
बताया गया कि हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। पिकअप तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान लौदा के पास अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि चालक वाहन के अंदर फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
Also Read: UP 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती : बेसिक शिक्षा परिषद दोबारा तैयार करेगी नई चयन सूची
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 38 वर्ष है। तलाशी के दौरान उसके पास से ऐसा कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला, जिससे तत्काल उसकी शिनाख्त हो सके। हादसे में उसका मोबाइल फोन भी टूट गया है। इसके कारण पुलिस को मृतक के परिजनों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों को भी घटना की सूचना दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।














