उत्तर प्रदेश के बलिया में विकासखंड हनुमानगंज अंतर्गत सागरपाली आंगनबाड़ी केंद्र पर एचडीएफसी बैंक द्वारा कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने दो बच्चों का अन्नप्राशन खीर खिलाकर कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार वितरित किया।
कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक द्वारा जिले के 25 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेकर उनके विकास एवं सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गरीब परिवारों के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को सुपोषण उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत अहम है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 4000 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां छह वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण और देखभाल की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि जिले के करीब 90 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्र विद्यालय परिसरों में संचालित हो रहे हैं तथा जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।उन्होंने सागरपाली आंगनबाड़ी केंद्र पर 40 बच्चों के पंजीकरण के बावजूद कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए कार्यकर्त्रियों को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने और महिलाओं को पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वहां निःशुल्क प्रसव, दवा एवं जननी सुरक्षा योजना के तहत 1600 रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान एचडीएफसी बैंक की ओर से 25 आंगनबाड़ी केंद्रों में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी गई। बैंक द्वारा केंद्रों में पेंटिंग, साफ-सफाई, दरवाजों एवं खिड़कियों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही छह अन्य केंद्रों को भी विकसित करने की योजना बताई गई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने केंद्र परिसर में शौचालय न होने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीडीओ को तत्काल शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में परिसर में बारात न ठहरने दी जाए। उन्होंने परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए। वहीं, परिसर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दिव्यांग शौचालय की आवश्यकता बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ को शीघ्र दिव्यांग शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास में सहयोग के लिए एचडीएफसी बैंक एवं उसके कर्मचारियों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।











































