गोण्डा : देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्यदायी संस्थाओं और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। गुरुवार को आयुक्त सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती की विद्युत परियोजनाओं, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, स्मार्ट मीटर, नए कनेक्शन और स्कूल लाइन शिफ्टिंग कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को तय समय सीमा में हर हाल में बदला जाए और बिजली आपूर्ति बाधित होने पर शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। आरडीएसएस योजना के तहत अविद्युतीकृत बसावटों के विद्युतीकरण और नए कनेक्शन जारी करने में धीमी प्रगति पर उन्होंने मेसर्स विक्रान इंजीनियरिंग लिमिटेड को फटकार लगाई और चेतावनी दी कि सुधार न होने पर कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।
मनकापुर, बलरामपुर और गोण्डा क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों पर फ्यूज सेट लगाने की खराब स्थिति पर मंडलायुक्त ने मुख्य अभियंता विद्युत को संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एक्सईएन को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत फ्यूज सेट लगाए जाने का प्रमाण पत्र देने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर खराब होने पर मरम्मत खर्च संबंधित एक्सईएन के वेतन से वसूला जाएगा।
मंडलायुक्त ने एसएमएम इंफ्राटेक को एक माह के भीतर सभी लंबित विद्युत कार्य पूरे करने के निर्देश देते हुए कहा कि समयसीमा का पालन न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अन्य कार्यदायी संस्थाओं को भी दस दिन में लंबित कार्य समाप्त करने के आदेश दिए गए।
Also Read : बहराइच में अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, SDM ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया निर्माण
झटपट पोर्टल की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि एक भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नए विद्युत संयोजन शीघ्र जारी करने और त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों का तत्काल संशोधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया।
विद्यालय परिसरों से गुजर रही एचटी और एलटी लाइनों की धीमी शिफ्टिंग पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर स्कूल परिसरों को जल्द से जल्द बिजली लाइनों से मुक्त कराया जाए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी विद्यालय के ऊपर बिजली के तार नहीं लटकने चाहिए।











































