रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की हंसती-खेलती दुनिया उजाड़ दी। जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर मायमऊ नहरिया के पास काल बनकर आए एक अनियंत्रित डंपर ने डीजे लदी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि सात अन्य लहूलुहान हो गए। घायलों में तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
आधी रात को सड़क पर चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, गदागंज थाना क्षेत्र के चंदई चरुहार निवासी कुछ युवक अमेठी के गौरीगंज में एक बारात में डीजे बजाने गए थे। रात करीब दो बजे जब वे पिकअप से वापस लौट रहे थे, तभी मायमऊ नहरिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवकों की चीख-पुकार से इलाका दहल उठा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए चार को जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, निखिल कुमार (21) ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं नितिन, अभय और ऋषि की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है।
घर में गूंजने थे मंगल गीत, अब उठ रहा करुण क्रंदन
हादसे की खबर मिलते ही मृतक निखिल के घर में कोहराम मच गया। सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि निखिल के बड़े भाई अमन कुमार का तिलकोत्सव (शादी की रस्म) गुरुवार को होना तय था। जिस घर में मंगल गीतों की गूंज होनी थी, वहां अब अपनों की चीत्कार सुनाई दे रही है। भाई की खुशियों की तैयारी में जुटे परिवार में अब मातम का सन्नाटा है। हादसे के बाद तिलक कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
‘काश! आज तुझे न भेजती…’
अस्पताल परिसर से लेकर घर तक सिर्फ आंसू और सिसकियां हैं। मृतक की मां आशा देवी बदहवास हैं। वे बार-बार एक ही बात कह रही हैं कि अगर पता होता कि आज काल तुझे बुला रहा है, तो कलेजे के टुकड़े को कभी घर से बाहर न जाने देती। वहीं, बहन श्रेया अपने भाई की तस्वीर सीने से लगाकर दहाड़ें मार-मार कर रो रही है। इस मंजर को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
Also Read: साजिश, पैसा और झूठ का जाल: राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई विपिन के सनसनीखेज आरोप
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए जगतपुर थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।














































