सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक दबंग ठेकेदार की कथित गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों ने मोबाइल सेंटर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
मामला संदना थाना क्षेत्र के अनोगी स्थित बड़ी कुसौली गांव का बताया जा रहा है, जहां निर्माणाधीन स्टेडियम को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पीड़ित का आरोप है कि दबंग ठेकेदार अपने साथियों के साथ मोबाइल सेंटर में घुस आया और अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।















































