गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा जनपद में कड़ी सुरक्षा और व्यापक व्यवस्थाओं के बीच शुरू हो गई। शनिवार को पहले दिन दोनों पालियों में परीक्षा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जनपद में यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को कुल 6 पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा हो रही है—प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 10,848 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिससे कुल 65,088 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के बावजूद सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कोस्तुभ तथा एसपी सिटी निमिष पाटिल लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
Also Read: राघव चड्ढा समेत AAP के 7 राज्यसभा सांसद BJP में शामिल, नितिन नबीन ने दिलाई सदस्यता
परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस को अस्थायी डबल लॉक के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां कड़ी निगरानी में सामग्री सुरक्षित रखी गई है। वितरण भी अधिकारियों की उपस्थिति में किया जा रहा है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे और रोडवेज विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त ट्रेनों और बसों का संचालन कराया गया। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहा। प्रशासन ने बताया कि रविवार और सोमवार को भी दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि आगे की परीक्षाएं भी इसी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएंगी।











































