हाथरस: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों में मातम पसरा दिया। सासनी थाना क्षेत्र में भूमिया बाबा के पास तेज रफ्तार टेंपो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति और टेंपो सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार मृतक की 19 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ के लोधा थाना क्षेत्र के गांव बादबामनी निवासी 46 वर्षीय गेंदालाल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार को वह अपनी 19 वर्षीय बेटी शिवानी के साथ हाथरस के हतीसा गांव में रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
कार्यक्रम से लौटते समय भूमिया बाबा के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गेंदालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायल युवती को निजी वाहन से सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान पिता-पुत्री तेरहवीं कार्यक्रम से जो प्रसाद लेकर लौट रहे थे, वह भी सड़क पर बिखर गया।
वहीं, टेंपो में सवार हाथरस के नाई का नगला निवासी 62 वर्षीय बृजकिशोर पुत्र ज्वाला सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पिता का शव देखकर बेटे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































