शादी में जाने निकला था पति, 2 दिन बाद मिली लाश! पत्नी, प्रेमी और दोस्त की साजिश ने उड़ाए होश

सिंगरौली: चितरंगी थाना क्षेत्र में मिले एक व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी अज्ञात दुश्मनी का परिणाम नहीं थी, बल्कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हाईवे किनारे मिली थी लाश, हत्या की आशंका हुई सच

21 जून को ग्राम भर्रा निवासी प्रेमलाल सिंह खैरवार ने पुलिस को नेशनल हाईवे-39 के किनारे बोल्डरों के पीछे एक शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 38 वर्षीय रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार के रूप में की। परिजनों के अनुसार रघुनाथ 19 जून को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Also Read: 6 माह की शादी और दर्दनाक अंत! रायबरेली में फांसी पर लटकी मिली नवविवाहिता, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

पत्नी के बदलते बयानों से गहराया शक

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रघुनाथ और उसकी पत्नी रामकली के बीच अक्सर विवाद होता था। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि रघुनाथ शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में पत्नी से मारपीट करता था। इसी आधार पर पुलिस ने रामकली से गहन पूछताछ की। पूछताछ में उसके बयानों में लगातार विरोधाभास मिलने पर पुलिस का संदेह उस पर केंद्रित हो गया और जांच की दिशा बदल गई।

प्रेमी के साथ मिलकर बनाया हत्या का प्लान

पुलिस पूछताछ में रामकली ने स्वीकार किया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान माड़ा थाना क्षेत्र के मलगा गांव निवासी नीरज कुमार शाह से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे और लगातार संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार पति से परेशान रामकली ने नीरज से उसे रास्ते से हटाने की बात कही। इसके बाद 19 जून को पहले से बनाई गई योजना के तहत नीरज अपने दोस्त सूरज सिंह गोड के साथ भर्रा पहुंचा। दोनों ने रघुनाथ को शराब पिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को हाईवे किनारे बोल्डरों के पीछे फेंक दिया गया।

Also Read: UP के इस जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.31 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज, तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। 25 जून को पुलिस ने नीरज कुमार शाह, सूरज सिंह गोड और रामकली खैरवार को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। अन्य आरोपियों के मोबाइल भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)