UP: कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जिसमें 19 वर्षीय गर्भवती युवती को उसके प्रेमी और उसके दोस्त ने चलती कार से हाईवे पर फेंक दिया। युवती कोलकाता के बारासोता इलाके की रहने वाली है। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दो साल पहले एक ऑर्केस्ट्रा में काम करते समय तुर्कपट्टी के छहूं गांव निवासी अमजद अली से उसका प्रेम संबंध बना। दोनों ने प्रेम विवाह किया और कोलकाता में साथ रहते थे। युवती अब अमजद अली के बच्चे की मां बनने वाली थी।
युवती बुरी तरह घायल
पुलिस के अनुसार, दोनों कोलकाता से ट्रेन से देवरिया पहुंचे। देवरिया पहुंचने पर अमजद अली ने अपने दोस्त सद्दाम की कार बुलाई और गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में मधुरिया इंटर कॉलेज के समीप नेशनल हाईवे पर अमजद अली ने युवती से बच्चा गिराने (गर्भपात कराने) की जिद की। युवती ने मना कर दिया तो अमजद ने मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर अमजद अली और कार चला रहे उसके दोस्त सद्दाम ने मिलकर चलती कार से युवती को धक्का दे दिया। युवती हाईवे पर गिर पड़ी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बुरी तरह घायल हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद कुछ राहगीरों ने युवती को देखा और पुलिस को सूचना दी। तुर्कपट्टी पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल युवती को फाजिलनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद मधुरिया पुलिस चौकी पर युवती का विस्तृत बयान दर्ज किया गया। मोबाइल नंबर ट्रेसिंग और अन्य तकनीकी तरीकों से पुलिस ने अमजद अली और सद्दाम को जल्दी ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
सीओ सदर डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। युवती के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों पर गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा चलेगा, जिसमें हत्या के प्रयास, महिला के साथ क्रूरता और अन्य संबंधित धाराएं शामिल हो सकती हैं।







































