‘माफी नहीं मांगी तो करेंगे आंदोलन…’, सुहेलदेव पर AIMIM की विवादित टिप्पणी से भड़की सुभासपा

UP: पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने महाराज सुहेलदेव (Maharaja Suheldev) को लेकर एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली (Shaukat Ali) द्वारा दिए गए विवादित बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। शौकत अली ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के बयान के जवाब में लिखा कि राजा सुहेलदेव का भारत के निर्माण या स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं था। राजभर ने चेतावनी दी कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

राजनीतिक नेताओं पर लगाए सवाल

सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने कहा कि अगर प्रमुख विपक्षी नेता जैसे अखिलेश यादव, राहुल गांधी और मायावती शौकत अली के बयान का विरोध नहीं करते हैं, तो इसका मतलब है कि वे महाराज सुहेलदेव की महत्व को स्वीकार नहीं करते। उनका यह भी कहना था कि यह बयान सोची-समझी रणनीति के तहत दिया गया है।

Also Read: लखनऊ: पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, अदालत के निर्देशों का पालन करेंगे, अनिल राजभर पर भी तंज

बहराइच में महाराज सुहेलदेव मेला

राजभर ने बताया कि आगामी 10 जून से बहराइच में महाराज सुहेलदेव का मेला शुरू होने जा रहा है, जो 10 दिनों तक चलेगा। उन्होंने कहा कि पहले यहां लुटेरे गाजी का मेला लगता था, लेकिन अब देश के वीरों के लिए मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला राष्ट्रीय वीर राजभर महाराज सुहेलदेव की स्मृति में आयोजित किया जाएगा।

महाराज सुहेलदेव की मूर्ति और पार्क का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराज सुहेलदेव की विशाल मूर्ति का शिलान्यास किया था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया। 56 फीट ऊंची इस मूर्ति के साथ पांच एकड़ में बने पार्क ने यह संदेश दिया कि यह धरती वीरों की है और यहां उनकी पूजा होगी, जबकि लुटेरों की नहीं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)