आजमगढ़: थाना क्षेत्र के कोटवा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को चाय की दुकान पर बैठे युवक पर एक व्यक्ति ने तमंचे से गोली चला दी। गोली युवक के हाथ और कंधे के पास की त्वचा को छीलते हुए निकल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
कोटवा गांव निवासी 36 वर्षीय प्रमोद यादव उर्फ गुड्डू का गुरुवार की रात गांव में ही किसी बात को लेकर पड़ोसी 20 वर्षीय समीर यादव उर्फ ऋषि से विवाद हो गया था। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और घर भेज दिया।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे प्रमोद यादव किसी के घर से लौटने के बाद पेट्रोल पंप के सामने स्थित चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान समीर यादव भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि प्रमोद कुछ समझ पाते, इससे पहले ही समीर ने पीछे से तमंचे से फायर कर दिया। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वहां से फरार हो गया।
संयोग से गोली प्रमोद के हाथ और कंधे के पास की त्वचा को छीलते हुए निकल गई। घायल प्रमोद का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी समीर यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। थाना प्रभारी निरीक्षक विमल राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














