India’s Got Latent 2: कॉमेडियन समय रैना का चर्चित टैलेंट और कॉमेडी शो ‘India’s Got Latent’ एक बार फिर दर्शकों के बीच वापसी कर रहा है। शो का दूसरा सीज़न शनिवार, 20 जून 2026 से शुरू होगा। पिछले सीज़न की सफलता के बाद फैंस नए एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Netflix और YouTube पर एक साथ होगी स्ट्रीमिंग
इस बार दर्शकों के लिए खास सुविधा दी गई है। ‘India’s Got Latent’ सीज़न 2 का पहला एपिसोड शाम 7 बजे समय रैना के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और Netflix दोनों प्लेटफॉर्म पर एक साथ उपलब्ध होगा। इससे दर्शक अपनी पसंद के प्लेटफॉर्म पर शो का आनंद ले सकेंगे।
प्रीमियर एपिसोड में दिखेंगी आलिया भट्ट और शरवरी
शो के पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ विशेष मेहमान के रूप में नजर आएंगी। वहीं, कॉमेडियन आशीष सोलंकी और बलराज सिंह घई भी पैनल का हिस्सा होंगे। इस एपिसोड को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
समय रैना ने शेयर की पहली झलक
समय रैना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शो के प्रीमियर एपिसोड की कुछ तस्वीरें और यूट्यूब लिंक साझा किया। तस्वीरों में आलिया भट्ट और शरवरी शूटिंग के दौरान मुस्कुराती हुई दिखाई दीं। आलिया ने ‘Alpha’ लिखी कैप पहनी हुई थी, जो उनकी आगामी फिल्म के नाम से जुड़ी हुई है। पोस्ट के कैप्शन में समय ने लिखा, “क्या हम शो शुरू करने के लिए तैयार हैं?”
विवादों के बाद हो रही शो की वापसी
गौरतलब है कि जनवरी 2025 में शो का एक एपिसोड विवादों में आ गया था। उस दौरान गेस्ट के रूप में शामिल रणवीर इलाहाबादिया के एक सवाल पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। विवाद बढ़ने के बाद शो के पुराने एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए गए थे और समय रैना समेत कई पैनलिस्टों के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर एफआईआर भी दर्ज हुई थीं। अब लंबे अंतराल के बाद शो नए सीज़न के साथ फिर से वापसी कर रहा है।














































