‘ईरान के सुप्रीम लीडर बेहोश, फैसले लेने की स्थिति में नहीं…’, मोजतबा खामेनेई को लेकर बड़ा दावा

अमेरिका (America) और इजरायल (Israel) की खुफिया एजेंसियों के एक आकलन में दावा किया गया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) फिलहाल गंभीर स्वास्थ्य स्थिति में हैं और देश का नेतृत्व करने में सक्षम नहीं हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उनका इलाज ईरान के पवित्र शहर कोम में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पिता की मौत के बाद संभाली थी जिम्मेदारी

मोजतबा खामेनेई ने सुप्रीम लीडर का पद उस समय संभाला था जब 28 फरवरी को हुए एक हमले में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले के पीछे अमेरिका और इजरायल का हाथ बताया गया था। पद संभालने के बाद से ही मोजतबा सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए, जिससे उनकी स्थिति को लेकर अटकलें तेज हो गईं।

Also Read: खामेनेई की मौत के बाद बेटे के हाथों में ईरान की कमान, मोजतबा खामेनेई बने नए सर्वोच्च नेता

खुफिया रिपोर्ट में गंभीर हालत का दावा

अमेरिका-इजरायल की साझा खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई कोम में गंभीर हालत में इलाज करा रहे हैं और किसी भी सरकारी फैसले में भाग लेने की स्थिति में नहीं हैं। यह रिपोर्ट खाड़ी देशों के सहयोगियों के साथ भी साझा की गई है, जिससे उनकी सेहत को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

सरकारी दावों और वास्तविकता में अंतर

ईरान सरकार ने पहले दावा किया था कि हमले में मोजतबा को केवल पैर में हल्की चोट आई है, लेकिन इसके बाद उनकी स्थिति पर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया गया। अब सामने आई खुफिया जानकारी इस दावे से अलग तस्वीर पेश कर रही है, जिसमें उनकी हालत पहले से कहीं ज्यादा गंभीर बताई गई है।

Also Read: अमेरिका और इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला,इस हमले के पीछे की जानें पूरी वजह

कोम में अंतिम संस्कार की तैयारियां

रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि कोम में एक बड़े मकबरे का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें एक से अधिक कब्रों की व्यवस्था होगी। माना जा रहा है कि अयातुल्ला अली खामेनेई का शव भी वहीं रखा गया है और परिवार के अन्य सदस्यों को भी वहीं दफनाया जा सकता है। फिलहाल, राज्य स्तर पर अंतिम संस्कार को भी टाल दिया गया है, जबकि मोजतबा के नाम से जारी बयान टीवी एंकरों द्वारा पढ़े जा रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)