सुल्तानपुर के दो टोल प्लाज़ा दिल्ली दरबार पहुंचे, सेवार्थम फाउंडेशन ने केंद्रीय मंत्री गडकरी के नाम सौंपा ज्ञापन

सुल्तानपुर: जनपद सुल्तानपुर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर 51 किलोमीटर के भीतर संचालित दो टोल प्लाज़ाओं और कई बड़े पुलों एवं अंडरपास की कथित कम ऊँचाई का मामला अब दिल्ली तक पहुँच गया है। जनहित के इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी ने नई दिल्ली स्थित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय पहुँचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम संबोधित विस्तृत ज्ञापन मंत्रालय के अधिकारियों को सौंपा तथा मामले में विस्तार से चर्चा की।

ज्ञापन में डॉ. आशीष तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर स्थित असरोगा टोल प्लाज़ा और बेतीकला टोल प्लाज़ा के बीच की दूरी लगभग 51 किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा संसद में दिए गए वक्तव्य में एक ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 किलोमीटर के भीतर दूसरा टोल प्लाज़ा नहीं होने की बात कही गई थी। इसके बावजूद सुल्तानपुर में दोनों टोल प्लाज़ाओं पर लगातार वाहनों से टोल वसूला जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है।

Also Read: कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में 85 सेवा शिविर तैयार, प्लास्टिक पर रहेगा पूरा प्रतिबंध

इस विषय को लेकर क्षेत्र की जनता, समाजसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय सांसद और विधायक समय-समय पर शासन और प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका है। फाउंडेशन ने दोनों टोल प्लाज़ाओं की वैधानिक स्थिति की जांच कर जनहित में आवश्यक निर्णय लेने की मांग की है।इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर बने कई बड़े पुलों एवं अंडरपास की कथित कम ऊँचाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि कई स्थानों पर कम क्लियरेंस के कारण भारी वाहन, कृषि यंत्र और स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे सभी पुलों और अंडरपास का तकनीकी निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप सुधारात्मक कार्य कराए जाने की मांग की गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)