सुल्तानपुर: जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना करौंदीकला पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कादीपुर के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, थाना करौंदीकला क्षेत्र के ग्राम गौराटिकरी निवासी धीरज वर्मा पुत्र प्रमोद वर्मा ने 8 जून 2026 को तहरीर देकर बताया था कि 7 जून को उनके साथ मारपीट की गई थी। इस शिकायत के आधार पर थाना करौंदीकला में मु0अ0सं0 85/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3) एवं 109 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित आरोपों के आधार पर नामजद अभियुक्त की तलाश की जा रही थी।
Also Read: कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में 85 सेवा शिविर तैयार, प्लास्टिक पर रहेगा पूरा प्रतिबंध
इसी क्रम में थाना करौंदीकला पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त उदयभान वर्मा पुत्र शिवशंकर वर्मा, निवासी ग्राम गौरा बीबीपुर, थाना कादीपुर, जनपद सुलतानपुर, उम्र लगभग 27 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे संजय गांधी स्मारक लघु माध्यमिक विद्यालय, गौराटिकरी के पास से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद, हेड कांस्टेबल अभिषेक शर्मा, कांस्टेबल अंगद यादव तथा कांस्टेबल मंगल यादव की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















































