Home UP News जौनपुर: युवक को फंसाने की कथित साजिश! हाथ में असलहा रखकर वीडियो...

जौनपुर: युवक को फंसाने की कथित साजिश! हाथ में असलहा रखकर वीडियो बनाने और 1.65 लाख वसूलने का आरोप

जौनपुर: सुरेरी थाना क्षेत्र में एक युवक को कार से थाने ले जाकर कथित तौर पर धमकाने, उसके हाथ में अवैध असलहा रखकर वीडियो बनाने और रुपये वसूलने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में राजेंद्र दूबे समेत चार-पांच अज्ञात पुलिसकर्मियों सहित कुल छह लोगों को नामजद/आरोपी बनाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कार में बैठाकर थाने ले जाने का आरोप

Advertisement

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी सुशील कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों को दी शिकायत में बताया कि 13 सितंबर की सुबह वह मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान परिचित राजेंद्र दूबे कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि कार में पहले से कुछ लोग बैठे थे और सुशील को जबरन कार में बैठाकर सुरेरी थाने ले जाया गया।

Also Read: Gonda में पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर के पैर में लगी गोली, दो साथी गिरफ्तार

हाथ में असलहा रखकर वीडियो बनाने का दावा

शिकायतकर्ता के मुताबिक, थाने पहुंचने के बाद खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले लोगों ने उसे डराया-धमकाया। आरोप है कि उसके हाथ में कथित अवैध असलहा रखकर वीडियो बनाया गया। इसके साथ ही सादे कागज पर हस्ताक्षर भी कराए गए। शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान उसे मुकदमे में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी गई।

पांच लाख की मांग, नकद और ऑनलाइन रकम लेने का आरोप

सुशील कुमार पाण्डेय ने आरोप लगाया कि उसे छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की गई। दबाव में परिवार की ओर से 1.05 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा अलग-अलग ऑनलाइन माध्यमों से 55 हजार, 5 हजार और 299 रुपये ट्रांसफर कराए जाने का भी आरोप शिकायत में लगाया गया है।

ALSO READ: Banda में नाक की कील के लिए बुजुर्ग महिला से मारपीट, इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

वीडियो और लेनदेन की जांच की मांग

शिकायतकर्ता ने पुलिस अधिकारियों से घटना से जुड़े वीडियो, ऑनलाइन भुगतान और कथित असलहा बरामदगी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच में आरोपी बनाए गए लोगों के साथ-साथ कथित तौर पर शामिल पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)