सीतापुर में प्लाइवुड फैक्ट्री पर ED और इनकम टैक्स की संयुक्त छापेमारी, 12 गाड़ियों के पहुंचने से मचा हड़कंप

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार को ED और इनकम टैक्स विभाग की संयुक्त टीम ने थाना तंबौर क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान प्लाइवुड फैक्ट्री में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों की करीब 12 गाड़ियां एक साथ फैक्ट्री परिसर में पहुंचीं, जिसके बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह अचानक बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों के फैक्ट्री पहुंचने के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। टीम द्वारा फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में आवाजाही पर भी सख्ती बरती जा रही है।

Also Read: अमेठी के अंकित हत्याकांड में नया मोड़, शव रखकर प्रदर्शन करना पड़ा भारी, पुलिस ने 38 लोगों को किया चिन्हित

जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के बाहर किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। जांच एजेंसियों की टीम फैक्ट्री के दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छापेमारी किस मामले को लेकर की गई है और जांच में टीम को क्या-क्या मिला है।

ED और इनकम टैक्स की संयुक्त कार्रवाई की खबर फैलते ही फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों में कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।फिलहाल जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच का मुख्य कारण क्या था और टीम को जांच के दौरान कौन से महत्वपूर्ण तथ्य मिले।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)