कुशीनगर : बिजली ट्रांसफार्मर फटने से बड़ा हादसा, पति-पत्नी समेत 4 लोग झुलसे, दो की हालत नाजुक

कुशीनगर। रविन्द्र नगर धूस थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव में बिजली के ट्रांसफार्मर के फटने से भीषण हादसा हो गया। ट्रांसफार्मर ब्लास्ट होने से आग की लपटें और गर्म पानी पास के घर में पहुंच गया, जिससे बरामदे में बैठे एक परिवार के चार सदस्य झुलस गए।

हादसे का विवरण

महेश्वर सिंह, उनकी पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे बरामदे में बैठे थे। अचानक ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट हुआ और गर्म पानी व आग उनके ऊपर गिर गई। पूरे परिवार के चारों सदस्य झुलस गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से ट्रांसफार्मर से धुआं निकल रहा था। कई बार बिजली विभाग को शिकायत की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। आज अचानक ट्रांसफार्मर फट गया और यह हादसा हो गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

Also Read: Lucknow Fire Accident: ‘100 सिलेंडर फटे, 1200 झुग्गियां जल कर राख…’, लखनऊ में भीषण आग का कहर, मचा हड़कंप

प्रशासन पहुंचा मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एडीएम और उप जिलाधिकारी पडरौना मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)