इटावा: जनपद में भू माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। प्रदेश सरकार जहां अपराधियों और भू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर दबंगों द्वारा जमीनों पर अवैध कब्जे के प्रयास थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला इटावा से सामने आया है, जहां भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक नंदन के परिवार की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक नंदन के पिता सुरेश चंद्र जाटव की जमीन पर बनी बाउंड्री वॉल को देर रात अराजकतत्वों ने तोड़ दिया।
आरोप है कि भू माफियाओं ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पीड़ित सुरेश चंद्र जाटव ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों से की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी जमीन की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
Also Read: पत्नी को BPSC टीचर बनाने के लिए मजदूरी की, जमीन बेच दी… करियर बनते ही पति को छोड़ दिया!
वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक नंदन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे भू माफियाओं पर कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों की जमीनें सुरक्षित नहीं रह पाएंगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और आरोपियों के खिलाफ कब तक प्रभावी कार्रवाई की जाती है।














































