फर्रुखाबाद। जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। ट्रांसफार्मर का फाल्ट ठीक कर रहे लाइनमैन और उसके साथी पर दबंगों ने हमला बोल दिया। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए दोनों कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़ित लाइनमैन की तहरीर पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मऊदरवाजा क्षेत्र के ढूइया मोड़ स्थित ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग के चलते झंपर उड़ गए थे, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। सूचना मिलने पर लाइनमैन सकीम अपने साथी उमाशंकर शाह के साथ मौके पर पहुंचकर फाल्ट ठीक करने में जुटे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े आठ बजे स्थानीय निवासी अभिषेक त्रिपाठी, उसका भाई और पिता वहां पहुंच गए और लाइनमैनों से अभद्रता करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर तीनों दबंगों ने सकीम को पकड़कर लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया। साथी को बचाने पहुंचे उमाशंकर शाह को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों को सरकारी कार्य करने से रोकते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय कर्मचारी और स्थानीय लोग देर रात तक मऊदरवाजा थाने में डटे रहे। करीब साढ़े ग्यारह बजे तक थाने में हंगामा और पंचायत चलती रही।
पुलिस ने लाइनमैन सकीम की लिखित शिकायत के आधार पर अभिषेक त्रिपाठी, उसके भाई और पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।














