UP: रायबरेली केडलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे रजऊ मजरे बेलहनी गांव में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी और शव को घर के कमरे में दफना दिया। घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चार वर्षों से एक ही घर में रह रहा था प्रेमी
पुलिस के अनुसार, मृतक अमित कुमार रैदास पिछले लगभग चार वर्षों से विवाहित महिला रीता के घर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि रीता, उसके पति रामप्रकाश और अमित एक ही मकान में रहते थे। 29 जुलाई की रात किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
विवाद के दौरान सिलबट्टे से हमला, मौके पर हुई मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान रीता और उसके पति रामप्रकाश ने मिलकर अमित पर रसोई में रखे सिलबट्टे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अमित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई ताकि किसी को हत्या की जानकारी न हो सके।
कमरे में दफनाया शव, दुर्गंध से खुला मामला
बताया गया कि आरोपियों ने घर के एक कमरे की जमीन खोदकर शव को वहीं दफना दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी। करीब तीन दिन बाद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे आसपास के लोगों को शक हुआ। इसी बीच महिला ने घबराकर गांव के प्रधान को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शव बरामद, दोनों आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की खुदाई कर शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई रंजीत कुमार की तहरीर पर रीता और उसके पति रामप्रकाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी राघवन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































