UP: सावन के पहले सोमवार पर भूतेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

UP: सावन माह के प्रथम सोमवार पर सहारनपुर के प्राचीन सिद्धपीठ भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के से ही हजारों शिवभक्त भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे, जिससे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लंबी कतारें देखने को मिलीं। भूतेश्वर महादेव के अलावा बागेश्वर महादेव समेत जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।

सुरक्षा व्यवस्था का एसएसपी ने लिया जायजा

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने सुबह कांवड़ मार्गों और प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। मंदिर परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Also Read: UP: सावन के पहले सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, आधी रात से शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला

श्रद्धालुओं ने बताया आध्यात्मिक आस्था का केंद्र

मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भूतेश्वर महादेव की विशेष धार्मिक मान्यता का उल्लेख किया। श्रद्धालु संगीता सिंघल ने बताया कि वह कई वर्षों से सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां दर्शन करने आती हैं और उन्हें इस स्थान पर आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। वहीं, नवीन सिंघल ने कहा कि भूतेश्वर महादेव सिद्धपीठ होने के कारण उनकी गहरी आस्था इस मंदिर से जुड़ी है। श्रद्धालु वंश ने भी मंदिर समिति और प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भीड़ के बावजूद दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

सावन सोमवार पर दोगुनी होती है श्रद्धालुओं की संख्या

भूतेश्वर महादेव प्रबंधक समिति के सदस्य वरुण गुप्ता ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब पांच से छह हजार श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए आते हैं, जबकि सावन के प्रत्येक सोमवार को यह संख्या बढ़कर लगभग 10 से 12 हजार तक पहुंच जाती है। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति के सेवादार, स्वयंसेवक और पुलिस प्रशासन मिलकर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने में जुटे हुए हैं।

Also Read: बाराबंकी: सावन मेले को लेकर बाराबंकी प्रशासन पूरी तरह तैयार, लोधेश्वर धाम में सुरक्षा व्यवस्था पर हुई हाई लेवल ब्रीफिंग

कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां

मंदिर प्रबंधन के अनुसार भूतेश्वर महादेव मंदिर मराठा काल का प्राचीन धार्मिक स्थल है, जिसके पीछे जूना अखाड़े के साधु-संतों की समाधियां भी स्थित हैं। आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए ठहरने, भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि सभी भक्त सुरक्षित और सुगमता से भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक कर सकें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)