लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अधिकारियों और कर्मचारियों पर रिश्वतखोरी के आरोपों के बीच प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। कई कर्मचारियों के खिलाफ पहले भी अवैध रूप से धन मांगने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जबकि विजिलेंस टीम कुछ मामलों में कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार भी कर चुकी है। अब अवैध गतिविधियों में शामिल कर्मचारियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
ब्लैकमेलिंग करने वाले शिकायतकर्ताओं की सूची भेजी
एलडीए ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय को ऐसे शिकायतकर्ताओं की सूची भी भेजी है, जिन पर अधिकारियों को ब्लैकमेल करने का आरोप है। साथ ही प्राधिकरण स्तर पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों पर नजर रखी जा रही है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अवैध तरीके से धन लेने के आरोप वाले आठ कर्मचारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
Also Read: लखनऊ: अंबी बिष्ट समेत 5 के खिलाफ FIR, LDA से जुड़ा मामला, विजिलेंस जांच के बाद कार्रवाई
विभूतिखंड में 1000 वाहनों की पार्किंग
विभूतिखंड में लगातार सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने की शिकायतों को देखते हुए एलडीए ने नई पार्किंग विकसित करने का फैसला किया है। यहां करीब 1000 दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग तैयार की जाएगी। प्राधिकरण ने इसका काम जल्द शुरू कराने की तैयारी की है, जिससे क्षेत्र में सड़क पर होने वाली पार्किंग की समस्या कम हो सके।
चिनहट में छह अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
एलडीए की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को चिनहट और बीकेटी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। चिनहट के ग्राम मेहोरा में मोहन, राज, धर्मवीर, राजवीर, विजय कुमार, ओमप्रकाश समेत अन्य लोगों द्वारा करीब 35 बीघा में विकसित की जा रही छह अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इन परियोजनाओं का ले-आउट एलडीए से स्वीकृत नहीं कराया गया था। विहित न्यायालय के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई।
बीकेटी में 10 बीघा अवैध प्लाटिंग भी ध्वस्त
वहीं, प्रवर्तन जोन-चार की टीम ने बीकेटी के ग्राम इंदौराबाग और ग्राम रामपुर देवरई में कार्रवाई करते हुए करीब 10 बीघा क्षेत्र में चल रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। यहां प्रज्जवल सिंह चौहान, कृष्ण कुमार अग्रवाल और अन्य लोगों द्वारा बिना जरूरी स्वीकृति के प्लाटिंग की जा रही थी। एलडीए ने कुल 45 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही आठ अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














