लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा का तबादला कानपुर विकास प्राधिकरण कर दिया गया है। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
शासन का तत्काल तबादला आदेश
आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने 25 जून 2026 को जारी शासनादेश में LDA अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा को तत्काल प्रभाव से कानपुर विकास प्राधिकरण में स्थानांतरित कर दिया है।
आदेश में उन्हें तुरंत नई तैनाती वाले स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 25 जून 2026 के शासनादेश का कार्यभार ग्रहण प्रमाण-पत्र शासन को भेजने को भी कहा गया है।
विशेष सचिव मनोज कुमार के डिजिटल हस्ताक्षर
यह आदेश विशेष सचिव मनोज कुमार के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है। तबादले की यह कार्रवाई अलीगंज अग्निकांड में LDA की भूमिका और लापरवाही के आरोपों के बाद आई है।
अग्निकांड के बाद सख्ती
ज्ञानेंद्र वर्मा LDA में अपर सचिव के पद पर तैनात थे। अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड में बिल्डिंग को मंजूरी देने, फायर सेफ्टी नॉर्म्स और NOC संबंधी गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के बाद शासन ने यह कार्रवाई की है।
इससे पहले LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा गठित 5 सदस्यीय जांच टीम में भी ज्ञानेंद्र वर्मा को शामिल किया गया था।
प्रशासनिक स्तर पर हलचल
ज्ञानेंद्र वर्मा का अचानक तबादला LDA में हलचल पैदा कर गया है। सूत्रों के अनुसार, अलीगंज अग्निकांड की जांच SIT के साथ-साथ LDA की आंतरिक जांच भी चल रही है। इस मामले में और भी अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































