लखनऊ: अलीगंज में लाइब्रेरी सेंटर में लगी भीषण,15 की मौत,कई छात्र बने हादसे का शिकार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे पर एक कोचिंग और लाइब्रेरी सेंटर भीषड़ आग लग गई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं। इसके अलावा छह लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कई छात्र घायल 

आग लगने के समय भवन की दूसरी मंजिल पर संचालित लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर में कई छात्र मौजूद थे। धुआं और आग तेजी से फैलने पर कुछ छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर जान बचाने की कोशिश की लेकिन दम घुटने से मौत हो गई। वहीं एक छात्र ने पहली मंजिल से छलांग लगाकर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

Also Read: UP: लखनऊ के अलीगंज में लाइब्रेरी सेंटर में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए इमारत से कूदे बच्चे

राहत और बचाव कार्य में जुटीं कई एजेंसियां

मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं। एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से ऊपरी हिस्सों तक पहुंचकर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। SDRF और NDRF की टीमें भी राहत कार्य में जुटी हैं। फायरकर्मियों ने भवन के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों और शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। घायलों की संख्या बढ़ने पर एम्बुलेंस की कमी महसूस हुई, जिसके बाद अतिरिक्त एम्बुलेंस भेजी गईं।

घटनास्थल पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, भावुक हुए डिप्टी सीएम

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान वह भावुक हो गए और कहा कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने शवों को बाहर निकलते देखा है। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी मौके पर पहुंचे हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ लौट रहे हैं।

Also Read: Lucknow Fire Accident: ‘100 सिलेंडर फटे, 1200 झुग्गियां जल कर राख…’, लखनऊ में भीषण आग का कहर, मचा हड़कंप

बेसमेंट से शुरू हुई आग की आशंका

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि इमारत के बेसमेंट में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। भवन के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित थे, जबकि दूसरी मंजिल पर ‘लर्निंग स्पेस’ नामक लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर के साथ ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ संचालित था, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का कार्य किया जाता है। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)