लखनऊ: नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन आज, राजनाथ सिंह और सीएम योगी होंगे शामिल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का उद्घाटन करेंगे। इकाना स्टेडियम के समीप विकसित इस विशेष परिसर को भारतीय नौसेना के साहस, पराक्रम और आधुनिक क्षमताओं के प्रतीक के रूप में तैयार किया गया है। करीब दो एकड़ क्षेत्र में फैली यह वाटिका आम लोगों को नौसेना की गौरवशाली विरासत से रूबरू कराएगी।

सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि लखनऊ में निर्मित यह भव्य नौसेना शौर्य वाटिका भारतीय नौसेना के अदम्य साहस और देश की समुद्री शक्ति का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने देश के बहादुर नौसैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी वीरता को नमन करता है।

Also Read: UP: कौशल विकास मिशन में अब दिव्यांगजनों के लिए सीट आरक्षित, एसिड अटैक पीड़ितों को मिलेगी विशेष प्राथमिकता

उद्घाटन समारोह के साथ विकास परियोजनाओं पर भी नजर

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार सुबह लखनऊ पहुंचेंगे और 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का भी निरीक्षण करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर करीब 45 से 50 मिनट रह जाने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून के दूसरे पखवाड़े में इसका लोकार्पण कर सकते हैं।

नौसैनिक इतिहास और आधुनिक शक्ति का मिलेगा अनुभव

भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से विकसित नौसेना शौर्य वाटिका को ओपन-एयर नौसैनिक संग्रहालय का स्वरूप दिया गया है। यहां सेवामुक्त नौसैनिक उपकरणों, विशेष प्रदर्शनों और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के माध्यम से आगंतुकों को भारत की समुद्री विरासत और राष्ट्रीय सुरक्षा में नौसेना की भूमिका की जानकारी मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना युवाओं में नौसेना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश में हुए बड़े बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को भी प्रदर्शित करेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)