UP: इटावा जिले में बालश्रम, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार और भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। श्रम विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने बकेवर, लखना, चकरनगर और हनुमंतपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, ऑटोमोबाइल वर्कशॉप, मिठाई की दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया।
पांच नाबालिग बच्चों को कराया गया मुक्त
निरीक्षण के दौरान पांच नाबालिग बच्चों से विभिन्न प्रतिष्ठानों पर काम कराए जाने का मामला सामने आया। टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी भी दी।
Also Read: UP: पति पर दूसरी शादी का शक, मां ने तीन बेटियों को जहर खिलाकर खुद भी खाया जहर, दो की मौत
दुकानदारों को नोटिस, दोबारा उल्लंघन पर सख्त चेतावनी
बकेवर क्षेत्र में वर्कशॉप, पिज्जा सेंटर, मिठाई की दुकानों समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान पर नाबालिग बच्चों से काम कराते पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों और आमजन से की गई अपील
प्रभारी श्रम विभाग ने अभिभावकों से बच्चों को मजदूरी में लगाने के बजाय नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि यदि कहीं भी किसी बच्चे से होटल, ढाबे, चाय की दुकान या अन्य प्रतिष्ठान पर काम कराया जाता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Also Read: UP: बहराइच में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसपी ने कई थाना प्रभारियों के किए तबादले
हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी किया गया जागरूक
अभियान के दौरान लोगों को महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 102 एवं 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। इस संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार भरथना, श्रम विभाग की टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि और एएचटी प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































