UP: पति पर दूसरी शादी का शक, मां ने तीन बेटियों को जहर खिलाकर खुद भी खाया जहर, दो की मौत

UP: मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने कथित तौर पर अपनी तीनों बेटियों को जहरीला पदार्थ पिलाने के बाद खुद भी उसका सेवन कर लिया। घटना के बाद चारों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चियों का इलाज जारी है।

पीएचसी से मिली सूचना, जिला अस्पताल किया गया रेफर

पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मड़िहान से सूचना मिली कि परसौना गांव निवासी 38 वर्षीय कुसुम, पत्नी धर्मेंद्र धरीकार, अपनी तीन बेटियों—12 वर्षीय मधु, 10 वर्षीय राधिका और 8 वर्षीय सत्याके साथ जहरीला पदार्थ खाने के कारण भर्ती हैं। सूचना मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कराया। उपचार के दौरान कुसुम और राधिका ने दम तोड़ दिया, जबकि मधु और सत्या की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Also Read: UP: मथुरा में पुलिस मुठभेड़, हत्या के मामले में वांछित दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

पति पर दूसरी शादी का था शक, इसी बात को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुसुम का पति धर्मेंद्र धरीकार दिल्ली में रहकर काम करता है और घटना से कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। महिला को आशंका थी कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और इसी वजह से वह उसकी उपेक्षा कर रहा है। इसी पारिवारिक विवाद के चलते दोनों के रिश्तों में लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

मायके में हुआ था समझौता, लेकिन साथ नहीं ले गया पति

पुलिस की जांच के अनुसार, 12 जुलाई को कुसुम के मायके शीतलगढ़ (थाना संतनगर) में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। तय हुआ था कि अगले दिन धर्मेंद्र अपनी पत्नी को साथ लेकर ससुराल जाएगा। हालांकि, आरोप है कि समझौते के बाद धर्मेंद्र कहीं चला गया और कुसुम को अपने साथ नहीं ले गया। इससे आहत होकर महिला परसौना स्थित अपने ससुराल पहुंची और कथित रूप से यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

Also Read: फर्जी बीमा पॉलिसी के नाम पर लाखों की ठगी! इटावा साइबर थाना पुलिस ने तीन शातिर दबोचे

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। साथ ही, जीवित बची दोनों बच्चियों के स्वास्थ्य पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)