UP कैबिनेट के बड़े फैसले! 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा, 7,968 करोड़ से बनेगा झांसी लिंक एक्सप्रेसवे

UP मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में 24 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में वरिष्ठ महिलाओं के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना शुरू करने का फैसला लिया गया। इसके तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की सभी बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

आधार या वोटर आईडी से मिलेगा लाभ

योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाओं को उम्र और पहचान के प्रमाण के तौर पर आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। सरकार का अनुमान है कि इस योजना से प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी। सरकार के मुताबिक, इस पहल से बुजुर्ग महिलाओं को यात्रा के खर्च से राहत मिलेगी और वे प्रदेश में अधिक आसानी से आवागमन कर सकेंगी।

Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी

झांसी लिंक एक्सप्रेसवे को कैबिनेट की हरी झंडी

कैबिनेट ने प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क को विस्तार देने के लिए झांसी लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को भी मंजूरी दी है। 106.30 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण पर करीब 7,968.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पूरी परियोजना की लागत राज्य सरकार वहन करेगी। एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनेज 170+300 पर जालौन के फूलपुरा के पास से शुरू होकर उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर के जरिए एनएच-44 पर अंबाबाई, झांसी तक पहुंचेगा।

120 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड, भविष्य में 8 लेन होगा

परियोजना को शुरुआत में नियंत्रित प्रवेश वाला छह लेन एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा, जिसे आगे चलकर आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। इसकी डिजाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। मार्ग जालौन के उरई क्षेत्र के साथ झांसी की गरौठा, टहरौली, मोठ और झांसी प्रथम तहसीलों से होकर गुजरेगा। इसके लिए 110 मीटर चौड़े राइट ऑफ वे का अधिग्रहण किया जाएगा। वित्तीय मूल्यांकन के बाद इसे पीपीपी मॉडल के बजाय ईपीसी पद्धति से बनाने का निर्णय लिया गया है और निर्माण दो पैकेजों में कराया जाएगा।

Also Read: यूपी की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूस्ट, 26 लाख रुपये से अधिक होगी हर व्यक्ति की आय, जानिए योगी सरकार का ये बड़ा प्लान

डिफेंस कॉरिडोर और धार्मिक स्थलों को मिलेगी तेज कनेक्टिविटी

झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से गरौठा के समीप विकसित हो रहे डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर नोड और बीडा क्षेत्र को एक्सप्रेसवे नेटवर्क से सीधा हाई-स्पीड संपर्क मिलेगा। इसके साथ ही झांसी किला, ओरछा का श्रीरामराजा मंदिर, दतिया पीताम्बरा पीठ और सोनागिर जैन तीर्थ जैसे प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। कैबिनेट के अन्य 22 फैसलों का विस्तृत विवरण सरकार की ओर से जल्द जारी किया जाएगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )