UP: मुगलसराय/चंदौली कोतवाली पुलिस और एसओजी (क्राइम ब्रांच) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पंजाब से बिहार भेजी जा रही करोड़ों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता
पुलिस के मुताबिक औद्योगिक नगर चौकी क्षेत्र के मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रहे ट्रक संख्या JK02BP1812 को रोकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर टीम ने वाहन को पकड़ लिया।
आलू की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी शराब
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें लदी आलू की बोरियों के नीचे 925 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 8222.8 लीटर बताई गई है। सभी पेटियों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था, जिससे प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शराब पंजाब से बिहार में खपाने के उद्देश्य से भेजी जा रही थी।
जम्मू निवासी तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक और तस्कर मो. जबीर (52) पुत्र स्वर्गीय नाजीर हुसैन, निवासी बक्शी नगर, जम्मू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
Also Read: UP: लखनऊ अग्निकांड के बाद चंदौली प्रशासन अलर्ट, संस्थानों के संचालकों के साथ हुई अहम बैठक
करीब 2.31 करोड़ की शराब बरामद, तस्करों में मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये आंकी गई है। इस अभियान में क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह, रेलवे चौकी प्रभारी शिवपूजन बिंद समेत कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम के अन्य अधिकारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।

















































