मिर्ज़ापुर: यूपी के मिर्ज़ापुर की नगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र सुर्खियों में हैं. अक्सर वह अपनी बदजुबानी को लेकर सुर्खियों में आ जाते हैं अब यह महज इत्तेफाक होता है या जानबुझकर यह तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन ताजा मामला दो दिन पहले का बताया जा रहा है.
आपको बता दें जब बीजेपी विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र अपने नगर विधानसभा क्षेत्र के 33/11 केवी सब स्टेशन विजयपुर से गैपुरा के नवनिर्मित फीडर का सफलतापूर्वक शुभारंभ (ऊर्जीकृत-चार्ज) करने पहुंचे हुए थें. जहां ग्रामीण महिलाओं द्वारा जलनिकासी के लिए नाली सहित अन्य समस्याओं को उनके सामने रखते हुए बताया गया कि संबंधित लोग शिकायत करने पर गाली देते है. बस फिर क्या था इतना सुनते ही विधायक जी का पारा गर्म हो उठा. उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को आश्वस्त किया कि, “..जे गारी देई ऊ लात खाई..!” इसके बाद बीजेपी विधायक ने संबंधित विभाग के लोगों को भी फोन लगाकर मौके से न केवल जमकर फटकार लगाते हुए समस्या के अतिशीघ्र समाधान की चेतावनी दी बल्कि दुहराया भी कि, “..जे गारी देई ऊ लात खाई..!”
बताते चले कि पंडित रत्नाकर मिश्र यूपी के मिर्ज़ापुर सदर सीट से दूसरी बार जहां बीजेपी से विधायक निर्वाचित हुए हैं वहीं यह विख्यात देवी धाम विंध्याचल के तीर्थ पुरोहित भी हैं. अपने बोल को लेकर चर्चित बीजेपी विधायक का वीडियो इसके पूर्व कोन विकास खंड क्षेत्र में जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तथा आंधी तुफान के दौरान विंध्याचल के समीप गंगा नदी में पीपा पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने पर वायरल हो चुका है.
हालांकि इस संदर्भ में बीजेपी विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र स्पष्ट शब्दों में कहते हैं कि हमारे विधानसभा क्षेत्र की देवतुल्य जनता को किसी भी प्रकार की कठिनाई हो यह बर्दास्त नहीं होगा, वह भी समस्या का समाधान न कर ग्रामीणों को गाली देकर उन्हें डांट डपटने वालों को मैं बख्शने वाला नहीं हूं.

















































