आयुष मलिक धर्मांतरण केस में बड़ा खुलासा! पाकिस्तान-फिलिस्तीन कनेक्शन आया सामने, जांच तेज

आयुष मलिक धर्मांतरण केस: शामली के चर्चित दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक के धर्मांतरण मामले की जांच अब उत्तर प्रदेश से बाहर दिल्ली और गाजियाबाद तक फैल गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस मामले में कई मौलानाओं की भूमिका की जांच कर रही हैं। साथ ही आयुष के कथित पाकिस्तान और फिलिस्तीन से जुड़े संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का मानना है कि मामले के पीछे किसी बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

यूट्यूब से प्रभावित होने की बात आई सामने

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला है कि आयुष पाकिस्तानी इस्लामिक विद्वान डॉ. इसरार के भाषण नियमित रूप से सुनता था और उनके विचारों से प्रभावित था। जांच एजेंसियां उसके सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्कों और संभावित फंडिंग के पहलुओं की भी जांच कर रही हैं। इस मामले में एसआईटी समेत कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Also Read: UP का लड़का कश्मीर में बना ‘विशाल’ से ‘हमजा’! मस्जिद में हुआ धर्मांतरण, परिवार में मचा हड़कंप

आयुष ने कहा- अपनी इच्छा से अपनाया इस्लाम

मामले के बीच आयुष मलिक उर्फ रहमान मीडिया के सामने आया और उसने स्पष्ट कहा कि उसका धर्मांतरण किसी दबाव या जबरदस्ती का परिणाम नहीं है। उसके अनुसार उसने वर्षों पहले स्वेच्छा से इस्लाम का अनुसरण शुरू किया था और चार साल पहले दिल्ली में चांदनी कुरैशी से निकाह किया था। आयुष ने कहा कि वह अपने फैसले पर कायम है और पाकिस्तान या फिलिस्तीन से उसका कोई संबंध नहीं है। उसने यह भी कहा कि वह अपने माता-पिता से पहले की तरह जुड़ा हुआ है और दोनों परिवारों को अपना मानता है।

पिता ने लगाया ब्रेनवॉश और संपत्ति हड़पने का आरोप

दूसरी ओर आयुष के पिता देवराज मलिक का आरोप है कि उनके बेटे का सुनियोजित तरीके से ब्रेनवॉश किया गया है। उनका कहना है कि चांदनी और उसके परिवार ने संपत्ति हड़पने की नीयत से आयुष को अपने प्रभाव में लिया। देवराज मलिक के मुताबिक इस वर्ष की शुरुआत में बेटे के व्यवहार में बदलाव दिखाई दिया था, जिसके बाद उन्हें पूरे मामले पर संदेह हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि समय के साथ उनका बेटा फिर से सनातन धर्म में लौट आएगा।

Also Read: आगरा धर्मांतरण कांड में बड़ा खुलासा , जन्नत का लालच, ब्रेनवॉश की साजिश, 10 में से 6 आरोपी पहले थे हिंदू

एफआईआर दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मामला उठाया। इसके बाद देवराज मलिक की शिकायत पर चांदनी कुरैशी, उसके परिजनों और कुछ मौलानाओं समेत कई लोगों के खिलाफ धर्मांतरण और साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब तक चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी एनपी सिंह ने कहा है कि जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)