आजमगढ़ में 3 साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, चोरी समेत 4 मुकदमों में था वांछित

आजमगढ़: जीयनपुर कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में तीन वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे चंगईपुर तिराहा से मंगलवार को करीब 10:55 बजे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ जीयनपुर के अलावा रौनापार थाने में भी मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, जीयनपुर थाना क्षेत्र के पनशब्दा निवासी स्वेता सिंह ने छह जुलाई 2022 को तहरीर देकर सर्वेश सिंह और विकास उर्फ अभिषेक पर घर का ताला तोड़कर आभूषण, बर्तन और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान विकास उर्फ अभिषेक के कब्जे से 20,024 रुपये बरामद हुए थे, जिसके बाद मुकदमे में चोरी का सामान रखने से संबंधित धारा भी बढ़ाई गई थी।

Also Read: UP: घर में अकेली थी 15 वर्षीय किशोरी, आरोपी ने किया दुष्कर्म, महीनों बाद मां के सवाल से खुला राज

वहीं, आरोपी सर्वेश सिंह गिरफ्तारी से लगातार बचता रहा। न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ 31 दिसंबर 2023 को कुर्की की कार्रवाई की गई थी। लगातार फरार रहने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने सात सितंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।

Also Read: सुल्तानपुर: यूजीसी, एससी-एसटी एक्ट और जातिगत आरक्षण के विरोध में गरजे सवर्ण, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीयनपुर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल को सफलता मिली। संयुक्त टीम ने पनशब्दा निवासी करीब 30 वर्षीय सर्वेश सिंह पुत्र गोपाल सिंह को चंगईपुर तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त रौनापार थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी वांछित है। इस मामले की विवेचना एएचटीयू द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास जीयनपुर थाने में चोरी और न्यायालय में अनुपस्थिति से संबंधित तीन मुकदमों तथा रौनापार थाने में अपहरण से संबंधित एक मुकदमे का उल्लेख है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)