UP: अमेठी (Amethi) में गौरीगंजथाना क्षेत्र के घूरे का पुरवा गांव में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ससुराल पक्ष जहां घटना को करंट लगने से हुई दुर्घटना बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने इसे हत्या करार देते हुए ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चेतना सुबह घर में संदिग्ध हालात में गंभीर रूप से झुलसी हुई मिली।
ससुराल पक्ष
ससुराल पक्ष का कहना है कि वह घरेलू कार्य के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आ गई थी। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग, जो गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे शिवदीन टिकरिया गांव के निवासी हैं, जिला अस्पताल पहुंच गए. वहां पहुंचते ही उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
Also Read: अमेठी में कबाड़ व्यापारी अपहरण का खुलासा, 4.5 लाख नगद, तमंचा और कार बरामद, 2 गिरफ्तार
लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि चेतना को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उनका कहना है कि करंट लगने की कहानी बनाकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। अस्पताल में बढ़ते तनाव की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों को वहां से हटा दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल
मायके पक्ष के लोगों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।












































