मथुरा: सफाई कर्मचारी की मौत पर बवाल, शव रखकर भरतपुर गेट चौराहे पर लगाया जाम

मथुरा: दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जयगुरुदेव मंदिर के समीप शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में नगर निगम के सफाई कर्मचारी की मौत के बाद मामला गरमा गया। हादसे में नगर निगम के सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश की मौत से आक्रोशित परिजनों और साथी कर्मचारियों ने भरतपुर गेट चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और हंगामा शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम अधिकारियों को मौके पर बुलाने तथा पीड़ित परिवार को उचित सहायता और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे नगर निगम का सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश हाईवे पर सफाई कार्य के लिए जा रहा था। इसी दौरान जयगुरुदेव मंदिर के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।

Also Read: UP: लेखपालों ने खोला मोर्चा! अमेठी तहसील में प्रदर्शन, समाधान दिवस का बहिष्कार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान मृतक के परिजन और साथी सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। काफी देर तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो परिजनों और कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ गया।

इसके बाद मृतक का शव थाना कोतवाली क्षेत्र की भरतपुर गेट चौकी के समीप भरतपुर गेट चौराहे पर रख दिया गया** और सैकड़ों लोगों के साथ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। प्रदर्शन के कारण चौराहे के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Also Read: UP: आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार, चेन स्नेचिंग से पुलिस पर फायरिंग तक 4 केस दर्ज

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर निगम में सफाई कर्मचारियों को सड़क और हाईवे जैसे व्यस्त स्थानों पर काम करना पड़ता है, लेकिन उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है। हादसे में कर्मचारी की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ परिवार में नौकरी की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)