मथुरा: डीडी न्यूज डिबेट में कथित अभद्रता के विरोध में VIP का प्रदर्शन, 1 सितंबर को मथुरा में पैदल मार्च

मथुरा: डीडी न्यूज की लाइव टीवी डिबेट के दौरान कुंवर सिंह निषाद के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और उनकी मां के प्रति अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल के विरोध में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने आंदोलन का ऐलान किया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी 1 सितंबर 2026 को मथुरा पहुंचेंगे और पैदल मार्च का नेतृत्व करेंगे.

जानकारी के अनुसार, सुबह 11 बजे दामोदरपुर से जिला मुख्यालय तक इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के साथ मिलकर विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा. पार्टी के मुताबिक, मार्च में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा बिहार और मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में VIP कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे.

Also Read: UP: जन्माष्टमी से पहले अलर्ट मोड में मथुरा प्रशासन, जन्मभूमि क्षेत्र में देर रात व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बताया गया कि घटना को लेकर कुंवर सिंह निषाद ने 24 अगस्त को थाना सदर बाजार में लिखित शिकायत दी थी. इसके साथ ही एसएसपी मथुरा को ई-मेल के जरिए पूरे मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी. पार्टी का कहना है कि अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समर्थकों और समाज के लोगों में नाराजगी है.

VIP के अनुसार, यह आंदोलन सिर्फ एक व्यक्ति के सम्मान का मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मान, स्वाभिमान और न्याय की मांग को लेकर है. पैदल मार्च के बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)