Bahraich: कोतवाली देहात क्षेत्र के ढपलीपुरवा में एक निजी कंपनी में एमआर के पद पर कार्यरत युवक ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवक ने दोस्ती में धोखा मिलने का जिक्र किया है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान फखरपुर थाना क्षेत्र के कुंडासर निवासी सचिन त्रिपाठी के रूप में हुई है। सचिन ढपलीपुरवा में किराए के कमरे में रहकर एक निजी कंपनी में एमआर के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने अपने एक दोस्त को लेकर भावुक बातें लिखी हैं और उसे ‘दोस्त के नाम पर धब्बा’ बताया है। नोट में एक संगठन के पदाधिकारी पर भी आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। सुसाइड नोट में सचिन ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए उनका ध्यान रखने की बात लिखी। साथ ही उसने अपने मोबाइल फोन को जरूर चेक करने का भी उल्लेख किया है। नोट में दोस्त रमन के नाम संदेश लिखते हुए सचिन ने कहा- ‘रमन भाई, मेरी चिता पर सिगरेट जलाना।’ सुसाइड नोट की इन पंक्तियों ने घटना को और भावुक बना दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मौके से मिले सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन को भी जांच का हिस्सा बनाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों और युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














