‘वन नेशन–वन राशन कार्ड योजना से गोरखपुर के लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिला…’, बोले सांसद रवि किशन

UP: गोरखपुर (Gorakhpur) से सांसद रवि किशन शुक्ला (Ravi Kishan Shukla) द्वारा लोकसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि वन नेशन–वन राशन कार्ड (ONORC) योजना उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से गोरखपुर जिले में अत्यंत सफल रही है। योजना का मुख्य उद्देश्य प्रवासी श्रमिकों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों और कमजोर वर्गों को लाभ पहुंचाना है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में करोड़ों पोर्टेबिलिटी लेनदेन सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं।

गोरखपुर में बड़ी संख्या में लाभार्थी

गोरखपुर जिले में अब तक लगभग 23 लाख से अधिक राशन कार्ड ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए हैं, जो यह दर्शाता है कि नागरिकों ने योजना का व्यापक रूप से लाभ उठाया है। उत्तर प्रदेश में इस योजना के तहत कुल 32.7 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न का वितरण किया गया, जिसमें से गोरखपुर जिले के लाभार्थियों को लगभग 0.49 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न प्राप्त हुआ।

Also Read: गोरखपुर की ग्राम पंचायतें पूरी तरह डिजिटल! सांसद रवि किशन शुक्ला ने PM मोदी और CM योगी का जताया आभार

प्रवासी श्रमिकों को मिली राहत

ONORC योजना विशेष रूप से उन प्रवासी श्रमिकों के लिए राहत का कारण बनी है, जो रोजगार के लिए राज्य या देश के अन्य हिस्सों में जाते हैं। सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि यह योजना गरीब और श्रमिक वर्ग के लिए सुरक्षा कवच साबित हुई है और अब देश के किसी भी कोने में राशन की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प का जीवंत उदाहरण बताया।

योजना सुचारू रूप से संचालित, भविष्य में और प्रभावी

सांसद रवि किशन ने यह भी कहा कि देशभर में यह योजना बिना किसी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा के सुचारू रूप से चल रही है, जिससे पारदर्शिता और भरोसा दोनों मजबूत हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह योजना और अधिक प्रभावी होगी और कोई भी ज़रूरतमंद नागरिक खाद्यान्न से वंचित नहीं रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)