मिर्जापुर : बेला जंगल में फिल्मी अंदाज में लूट! मैजिक के टायर में गोली मार ₹2.42 लाख लेकर फरार हुए बदमाश, क्षेत्र में दहशत का माहौल

मिर्जापुर : मड़िहान – मिर्जापुर मार्ग स्थित बेला जंगल में गुरुवार रात बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. बाइक सवार बदमाशों ने पहले चलती मैजिक के पिछले टायर में गोली मारकर वाहन रुकवाया, फिर सेल्समैन को आतंकित कर ₹2.42 लाख से भरा बैग लूट लिया.वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार मिर्जापुर निवासी राजकुमार एक धागा कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। वह मैजिक वाहन से विभिन्न बाजारों में धागे की बिक्री करने के साथ ग्राहकों से भुगतान भी वसूलते हैं. गुरुवार को क्षेत्र में बिक्री और वसूली के बाद वह मिर्जापुर लौट रहे थे. उनके पास ग्राहकों से वसूले गए करीब ₹2.42 लाख नकद थे.

बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश करीब छह किलोमीटर तक मैजिक का पीछा करते रहे.जैसे ही वाहन बेला जंगल के सुनसान हिस्से में पहुंचा, बदमाशों ने पीछे के टायर पर गोली चला दी. गोली लगते ही टायर फट गया और मैजिक रुक गई.इसके बाद बदमाशों ने सेल्समैन को धमकाकर नकदी से भरा बैग लूट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए.

पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ने बताया कि बदमाश काफी दूर से वाहन का पीछा कर रहे थे और वारदात के लिए सुनसान स्थान की तलाश में थे.इससे प्रतीत होता है कि अपराधियों ने पूरी योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया.

सूचना मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. क्षेत्र में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)