मिर्जापुर: इस वक्त की सबसे बड़ी और बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। कछवां थाना क्षेत्र के आही गांव में खेत से एक 8 माह की मासूम बच्ची का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि यह कंकाल चार दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई मासूम करिश्मा का हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामला कछवां थाना क्षेत्र के आही गांव का है, जहां शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में घास काटने गई महिलाओं की नजर एक कंकाल पर पड़ी। महिलाओं ने तुरंत इसकी सूचना बच्ची के पिता अकबर को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कंकाल को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों का कहना है कि चार दिन पहले उनकी आठ माह की मासूम बेटी करिश्मा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला था। अब खेत में मिले कंकाल को देखकर परिवार ने आशंका जताई है कि यह उनकी बेटी का ही हो सकता है। परिजनों का यह भी कहना है कि संभवतः किसी जंगली जानवर ने बच्ची को उठाकर खेत में छोड़ दिया होगा।
घटना की सूचना मिलते ही कछवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक परीक्षणों के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मिला हुआ कंकाल लापता बच्ची करिश्मा का ही है या किसी और का। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और आवश्यक डीएनए परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































