UP: लखनऊ (Lucknow) में शुक्रवार को ईद (Eid) का चांद दिखाई देने के बाद पूरे शहर में खुशी का माहौल बन गया। 30 रमजान को चांद की तस्दीक होने के साथ ही शनिवार को ईद मनाने का ऐलान कर दिया गया। ईदगाह ऐशबाग सहित शहर की सभी मस्जिदों में नमाज और त्योहार की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
मौलाना खालिद रशीद का बयान और अपील
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने बताया कि 29 रमजान, गुरुवार को चांद नजर नहीं आया था, इसलिए शुक्रवार को चांद की पुष्टि की गई। उन्होंने सभी लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए नमाज के दौरान तय गाइडलाइन का पालन करने की अपील की।
नमाज का समय और दिशा-निर्देश
ईदगाह ऐशबाग में ईद की नमाज सुबह 10 बजे अदा की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे समय से पहले पहुंचें और सड़क पर नमाज पढ़ने से बचें। अपने-अपने मोहल्लों की मस्जिदों और ईदगाहों के अंदर ही नमाज अदा करने की सलाह दी गई है। साथ ही नमाज से पहले फितरा अदा करने और जरूरतमंदों की मदद करने पर जोर दिया गया है।
प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ईद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हालात पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया की भी मॉनिटरिंग की जा रही है। मौलाना खालिद रशीद ने प्रशासन से ईदगाह और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

















































