मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास असंसारी विधानसभा में हुए भावुक,अंसारी ने कहा मेरी मजबूरी समझिए

उत्तर प्रदेश विधानसभा में गुरुवार (13 फरवरी, 2026) को जमकर हंगामा और तीखी बहस देखने को मिली। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। इसी बीच जब मऊ सीट से विधायक और अब्बास अंसारी को बोलने का मौका मिला, तो उनके बयान ने सदन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान उठाए स्थानीय मुद्दे

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अब्बास अंसारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र मऊ की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में केवल 70 बेड का एक अस्पताल है, जबकि वहां हमेशा 200 से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। ऐसी स्थिति में मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने मऊ में खुले नालों की समस्या का भी जिक्र किया और कहा कि इससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में एक ट्रामा सेंटर की स्थापना की मांग की, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।

“चार साल में पहली बार मौका मिला है”

जब उनका निर्धारित समय समाप्त होने लगा तो सदन की अध्यक्षता कर रहे मनोज पांडे ने उन्हें अपनी बात समाप्त करने को कहा। इस पर अब्बास अंसारी ने भावुक अंदाज में कहा,
“मैं मात्र 30 सेकेंड लूंगा सर… मुझे चार साल में पहली बार मौका मिला है। मेरी मजबूरी को समझिए और मेरा तो ये भी ठिकाना नहीं है कि कब तक बोलने का मौका मिलेगा। आप जानते हैं… इसलिए मेरी बातों को सुन लीजिए।”

उनके इस बयान के बाद सदन में कुछ देर के लिए अलग माहौल बन गया। हालांकि अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि आगे भी उन्हें बोलने का अवसर मिलेगा।

Also read:आज पीएम मोदी सेवा तीर्थ का उद्घाटन करेंगे,इस खास अवसर पर 100 रूपए का सिक्का जारी होगा

डॉक्टरों की भारी कमी का मुद्दा

अंसारी ने अपने भाषण को आगे बढ़ाते हुए कहा कि जिले में डॉक्टरों की भारी कमी है। न तो पर्याप्त संख्या में चिकित्सक हैं और न ही विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।

विधानसभा के हंगामे के बीच अब्बास अंसारी का यह बयान चर्चा का विषय बन गया है और मऊ की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

INPUT-ANANYA MISHRA

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)