वाराणसी
वाराणसी के नमो घाट को अति संवेदनशील घोषित करते हुए शुक्रवार से आम लोगों की आवाजाही को यहां प्रतिबंधित कर दिया गया। पुलिस की तैनाती के साथ ही घाट की ओर बने गेट को बंद कर दिया गया है। वहां निजी गार्ड भी तैनात कर दिए गए हैं। पूरी कवायद अगले हफ्ते होने वाले एयरशो को लेकर हो रही है। इस एयरशो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही कई वीवीआईपी का आगमन होगा। वायुसेना और सेना यहां एयरशो की तैयारियों में जुटी है। वीआईपी के लिए खास ग्रीन रूम और स्टेज बनाए जा रहे हैं।
नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को एयर शो होने वाला है। इसकी तैयारियों के बीच ही वायु सेना ने नमो घाट के फेज-2 को अपनी निगरानी में ले लिया है। यहां वायु सेना का कम्युनिकेशन सेटअप स्थापित किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इस क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित करते हुए आम लोगों के प्रवेश और आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यहां पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है।
नमो घाट के फेज-2 में वायु सेना के संचार उपकरणों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों को मुस्तैद किया गया है। एयर शो के दौरान वायु सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने में कम्युनिकेशन सेटअप की अहम भूमिका होगी।
बताया जा रहा है कि नमो घाट पर आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध एयर शो के समापन के तत्काल बाद नहीं हटाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम समाप्त होने के एक दिन बाद तक यहां आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां अपने उपकरणों, संचार व्यवस्था और अन्य संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। वायु सेना की निगरानी वाले इस क्षेत्र में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पतंगबाजी पर 26 अक्तूबर तक रोक
एयर शो के मद्देनजर नगर निगम ने 26 अक्तूबर तक गंगा किनारे और आसपास के क्षेत्रों में पतंगबाजी पर रोक लगाई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि पतंगबाजी करते हुए कोई मिला तो कार्रवाई की जाएगी।
22 के पहले भी गरजेंगे जंगी जहाज
ट्रायल के तौर पर 22 अक्तूबर के पहले ही जंगी जहाज करतब दिखाते नजर आ सकते हैं। हालांकि इस बारे में सेना की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ट्रायल के तौर पर जंगी जहाजों के वाराणसी से गुजरने के दौरान करतब दिखाने की तैयारी है। सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए जा रहे हैं। प्रशासन कोई चांस लेने के मूड में नहीं है। एयर शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए वह प्रतिबद्ध है।
तीन दिन के शो में 30 लाख लोगों के जुटने का अनुमा
तीन दिन के एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। लोगों के बैठने के लिए गंगा किनारे पाथ-वे और समतलीकरण का काम शुरू है। बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। गंगा किनारे एक साथ भीड़ न बढ़े, इसके मद्देनजर दर्शकों के लिए क्षेत्र बढ़ाया जा रहा है। सारनाथ के सराय मोहाना और गंगापार चंदौली के बलुआ क्षेत्र के कुछ हिस्सों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। रामनगर में पुलिस अफसरों ने स्थलीय निरीक्षण किया।
भीड़ प्रबंधन और लोगों की सहूलियत के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त होंगे ताकि कोई चूक न होने पाए। तैयारी में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो-इसके लिए अधिकारी रोज समीक्षा बैठक कर रहे हैं। मातहतों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि तैयारी में चूक न होने पाए। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। शहर को सजाने-संवारने का काम भी युद्धस्तर पर जारी है। खासकर, गंगाघाटों को आकर्षक लुक दिया जा रहा है।














