देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी National Testing Agency ने NEET UG 2026 परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। एजेंसी के अनुसार अब परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को किया जाएगा। यह फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद लिया गया है। NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की।
पेपर रद्द होने के बाद लिया गया फैसला
गौरतलब है कि NEET UG 2026 की परीक्षा पहले 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। हालांकि पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद 12 मई को परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद छात्रों और अभिभावकों में लगातार असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने से उम्मीदवारों को राहत मिली है।
Also Read: UP: पेपर लीक के खतरे के बीच यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा पर प्रशासन सख्त, STF अलर्ट मोड पर
छात्रों को तैयारी तेज करने की सलाह
NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा देशभर में एक ही दिन 21 जून को आयोजित होगी। एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अब अपनी तैयारी को अंतिम चरण में पहुंचाएं और परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार रहें। साथ ही यह भी बताया गया है कि उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी और किसी प्रकार की अतिरिक्त परीक्षा फीस भी नहीं देनी पड़ेगी।
सोशल मीडिया अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
एजेंसी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से बचने की अपील की है। NTA ने कहा है कि केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत चैनलों पर जारी सूचना पर ही भरोसा करें। किसी भी अनजान लिंक, मैसेज या वायरल पोस्ट को सही मानने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
हेल्पलाइन और ईमेल के जरिए मिलेगी सहायता
परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड या अन्य किसी समस्या को लेकर छात्र सीधे NTA से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए एजेंसी ने हेल्पलाइन नंबर और आधिकारिक ईमेल जारी किए हैं। छात्र neet-ug@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं या 011-40759000 तथा 011-69227700 नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।














































