CM सीएम योगी ने लखनऊ में कानून व्यवस्था और आगामी त्योहारों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में खास तौर पर बकरीद और बड़ा मंगल के आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी धार्मिक कार्यक्रम केवल परंपरागत स्थलों पर ही आयोजित हों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी और सड़क पर नमाज पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर सरकार पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क जाम कर नमाज अदा करने की इजाजत किसी भी स्थिति में न दी जाए और सभी धार्मिक गतिविधियां निर्धारित नियमों के तहत ही कराई जाएं।
ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम, पुलिस कमिश्नर, एसपी और आईजी को त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। ईदगाहों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है। उन्होंने शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी स्थिति से तुरंत निपटने के आदेश दिए। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
अवैध स्लॉटर हाउस और भू-माफियाओं पर कार्रवाई तेज होगी
सीएम योगी ने अवैध स्लॉटर हाउस और खुले में मांस बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा अवैध खनन और भू-माफियाओं के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाने की बात कही गई, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी
जनता की शिकायतों के समाधान पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए हर विकास खंड में साप्ताहिक चौपाल आयोजित करने का फैसला लिया। इन चौपालों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


















































