लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने राज्य की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब निवेश के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है और अयोध्या, प्रयागराज व वाराणसी जैसे शहरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्य की छवि से बाहर निकलकर तेज विकास की राह पर अग्रसर है।
गरीबी में कमी का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले आठ वर्षों में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छह करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि यह आंकड़े नीति आयोग के आधिकारिक डाटा पर आधारित हैं और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाते हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि गरीबी रेखा से ऊपर आने वाले लाभार्थियों को राशन, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक योजनाओं का लाभ पूर्ववत मिलता रहेगा।
Also Read: ‘हम सिर्फ संभावनाओं की बात नहीं करते, परिणाम भी देते है…’, गोरखपुर में बोले सीएम योगी
सुशासन और ‘TTT’ मॉडल पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि स्पष्ट नीति, साफ नीयत और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ सुशासन स्थापित करना रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को ‘TTT’ टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन का प्रतीक बताया। प्रयागराज के त्रिवेणी संगम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश ने भी इन तीन तत्वों के समन्वय से नई पहचान बनाई है।
कानून व्यवस्था में बदलाव का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्षों की यह यात्रा अपराध और अव्यवस्था से अनुशासन की ओर, तथा कर्फ्यू से कानून के शासन की ओर बढ़ने की कहानी है। उनके अनुसार, मजबूत कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश को ‘फियर जोन’ से ‘फेयर जोन’ में बदला गया है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में अब ना कर्फ्यू है, ना दंगा है, अब यूपी में सब चंगा है।
Also Read: CM योगी का विजन हुआ साकार, उत्तर प्रदेश बना देश में सर्वाधिक पर्यटकों के आगमन वाला राज्य
धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक पहल का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के माघ मेले में 21 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति प्रदेश में बदले माहौल का प्रमाण है। सीएम योगी ने बोला कोई भी दंगा समर्थक PAC का समर्थन नहीं करता है। काशी विश्वनाथ में लोकमाता माँ अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को मोदी जी ने लगवाई। माफिया की कब्र पर फतवा पढ़ते है, वंदे मातरम् का अपमान कोई नहीं कर सकता है और जो विरोध करता है उसका कान पकड़ कर बाहर करो।
शेर के साथ समापन
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी टिप्पणी की और कहा कि प्रदेश की छवि पूर्व में कुछ विशेष आचरणों के कारण प्रभावित हुई थी। भाषण के अंत में उन्होंने मिर्जा गालिब का शेर उद्धृत करते हुए कहा, ‘गालिब उम्र भर मैं ये भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा।’ इस दौरान आत्ममंथन का संदेश दिया और कहा कि प्रदेश अब नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।











































