गोरखपुर, 13 जून 2026। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) गोरखपुर हवाई अड्डे पर 15 जून 2026 को “यात्री सुविधा दिवस” का भव्य आयोजन करने जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने, उनकी समस्याओं को सुनने और हवाई यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित व आनंददायक बनाने का प्रयास किया जाएगा। सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और एयरपोर्ट प्रशासन यात्री-केंद्रित गतिविधियों को लेकर उत्साहित है।
नागर विमानन क्षेत्र की विकास यात्रा पर विशेष फोकस
कार्यक्रम के दौरान भारतीय नागर विमानन क्षेत्र में पिछले वर्षों में हुई उल्लेखनीय प्रगति और गोरखपुर हवाई अड्डे की उपलब्धियों को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। यात्रियों को आकर्षित करने के लिए एयरपोर्ट परिसर में खास सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। साथ ही, यात्रियों से सीधा संवाद कर उनके सुझाव और अपेक्षाएँ ली जाएंगी, ताकि भविष्य में सुविधाओं में और सुधार किया जा सके।
प्रधानमंत्री के ‘उड़ान’ संकल्प को मिला जनसमर्थन
पिछले 12 वर्षों में भारत के नागर विमानन क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। केंद्र सरकार की उड़े देश का आम नागरिक (UDAN) योजना ने देश के दूर-दराज के इलाकों को हवाई नेटवर्क से जोड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन “हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में यात्रा करे” आज एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले चुका है। गोरखपुर हवाई अड्डा भी इस क्रांति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनकर उभरा है।
गोरखपुर एयरपोर्ट की उड़ान : 3 फ्लाइट्स से 24 फ्लाइट्स तक
वर्ष 2014 तक गोरखपुर एयरपोर्ट पर सप्ताह में मात्र तीन दिन एक विमान का संचालन होता था, लेकिन आज यहां प्रतिदिन लगभग 24 विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं। पूर्वांचल के यात्री अब दिल्ली, मुंबई, नवी मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता समेत कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानों का लाभ उठा रहे हैं।
Also Read – Noida Airport: जेवर एयरपोर्ट को कंडीशनल सिक्योरिटी क्लीयरेंस, DGCA के अंतिम निरीक्षण का रास्ता साफ
पर्यावरण संरक्षण और कर्मियों का सम्मान
“यात्री सुविधा दिवस” के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, यात्री सेवाओं में लगे हवाई अड्डा कर्मियों को उनके बेहतर कार्य के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। यात्रियों को पर्यटन जानकारी किट भी वितरित की जाएगी।
योगी सरकार का योगदान, नया टर्मिनल का रास्ता साफ
गोरखपुर हवाई अड्डे के विस्तार और विकास में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष योगदान रहा है। राज्य सरकार ने नए हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करा दी है, जिससे गोरखपुर को अत्याधुनिक सुविधाओं वाला नया टर्मिनल और विस्तारित अवसंरचना मिल सकेगी।
निदेशक का बयान
गोरखपुर हवाई अड्डे के निदेशक श्री संजय कुमार ने बताया, “यात्री सुविधा दिवस” का आयोजन AAI द्वारा देशभर के हवाई अड्डों पर किया जा रहा है। गोरखपुर में इसे जनसहभागिता, यात्री सुविधा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ खास तौर पर मनाया जाएगा। यात्री सेवा के साथ-साथ सतत विकास और पर्यावरण जागरूकता हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह कार्यक्रम न केवल गोरखपुर बल्कि पूरे पूर्वांचल के यात्रियों के लिए बेहतर हवाई अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।








































