श्रावस्ती में पुलिस एनकाउंटर, 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

श्रावस्ती: रविवार देर रात श्रावस्ती में पुलिस और एसओजी की टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरिश बहेलिया पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी 50 हजार रुपये के इनामी शिव कुमार जायसवाल को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बचाव करते समय एक उपनिरीक्षक भी घायल हुए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी भिनगा ले जाया गया।

अंटा तिराहे के पास मिली थी बदमाशों की सूचना

पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे अंटा तिराहे से जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर दो वांछित बदमाशों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली भिनगा पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से करीब छह राउंड फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बचाव में जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान गिरिश बहेलिया के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर उसके साथी शिव कुमार जायसवाल को पकड़ लिया।

ALSO READ: Mirzapur: अपहरण कर जबरन जमीन का बैनामा कराने का आरोप, सपा नेता अवनीश मिश्रा गिरफ्तार

30 से अधिक मुकदमों में वांछित था गिरिश

पुलिस के अनुसार, गिरिश बहेलिया के खिलाफ 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिव कुमार जायसवाल पर भी 23 से अधिक मुकदमे बताए गए हैं। दोनों आरोपी नकबजनी, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में वांछित थे। भिनगा, सिरसिया और सोनवा थाना क्षेत्रों में हाल में हुई चोरी व नकबजनी की घटनाओं में भी पुलिस को दोनों की तलाश थी।

दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक पल्सर मोटरसाइकिल, नकदी और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। घायल गिरिश को इलाज के लिए सीएचसी भिनगा में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत ठीक बताई गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ और बरामदगी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच भी की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)