गोंडा : जनपद गोंडा में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर कवच के तहत थाना कोतवाली देहात की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के 40 हजार रुपये वापस कराए हैं।
पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के मार्गदर्शन में साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं इंटरमीडियरी से समन्वय स्थापित किया।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के पाण्डेयपुर रामनगर तरहर निवासी अब्दुल वहाव ने 44,635 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और कार्रवाई करते हुए 40,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने खुशी जाहिर करते हुए गोंडा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
गोंडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंक डिटेल, ओटीपी, आधार, पैन या बायोमैट्रिक जानकारी साझा न करें।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )













































