अमेठी: अयोध्या के श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने अमेठी में विरोध प्रदर्शन किया. जिला मुख्यालय गौरीगंज में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई. वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे.
कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई पदयात्रा
करीब साढ़े 12 बजे कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई सद्बुद्धि पदयात्रा गौरीगंज कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर दोबारा कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई.यात्रा में शामिल कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे लगाते रहे.
Also Read: ‘पहले डंडों से पीटा फिर करंट…’, पत्नी ने पति पर किया जानलेवा हमला!
निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि भगवान राम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे में कथित अनियमितताओं से करोड़ों लोगों की आस्था प्रभावित हुई है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. साथ ही कहा कि यह पदयात्रा जनता को जागरूक करने और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई है.
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
पदयात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए गौरीगंज कस्बे में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न हुआ.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































